उझानी। ट्रक के सड़क पर रूक जाने के बाद पीछे से तीन वाहन भिड़ गए। दो वाहनों के बीच में फंसा बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा बुधवार दोपहर करीब दो बजे बाइपास पर कोल्ड स्टोरेज के पास हुआ। बदायूं की ओर निकले ट्रक को चालक ने सड़क पर ही रोक लिया। इसके बाद पीछे से मेटाडोर, फिर बाइक सवार और पिकअप भिड़ गई। बाइक सवार कल्याण सिंह चौक निवासी मुकेश (25) पुत्र संजय लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। लहूलुहान मुकेश को बेहोशी की हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया। मुकेश की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने चारों वाहनों को कब्जे में ले लिया। सिर से अत्यधिक खून बह जाने से मुकेश की हालत नाजुक बनी हुई है। संवाद