कछला पुलिस चौकी पर खड़े बालू से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉला।
उझानी। ट्रैक्टर-ट्रॉलों समेत डंपरों में ओवरलोड बालू भरने पर खनन विभाग और पुलिस ने शुक्रवार रात कार्रवाई कर दी। कछला के पास से होकर निकले ओवरलोड तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलों को पकड़ लिया। पुलिस ने ओवरलोडिंग में कार्रवाई करते हुए तीनों का चालान कर दिया है।
शुक्रवार देर रात खनन अधिकारी ब्रज बिहारी प्रसाद और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कछला चौराहे के पास से होकर उझानी के निकले से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलों में क्षमता से करीब 30-35 क्विंटल बालू अधिक लोड नजर आने पर पुलिस कर्मियों ने ट्रैक्टर चालकों से खनन प्वाइंट को लेकर जानकारी की। कछला पुलिस चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह के मुताबिक, चालकों ने खनन कासगंज जिले में नगरिया के पास प्वाइंट से बताया है। पकड़े गए चालकों में पिपरौल निवासी पंकज, सांवती नगला निवासी रामकुमार और कोतवाली क्षेत्र के ही गांव बढ़ईन नगला निवासी राजेश हैं।
खनन अधिकारी ने तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलों को कछला चौकी परिसर में खड़े करा दिया और तीनों चालकों का चालान कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान दो डंपर पुलिस कर्मियों को चकमा देकर बदायूं की ओर निकल गए। कछला के आसपास भी खनन होने का शक बना हुआ है।
-
चपेट में आने से बची थी भाजपा नेता की कार
बालू से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलों को लेकर पुलिस और खनन विभाग ने कार्रवाई यूं ही नहीं की है। ओवरलोडिंग तो काफी पहले से चल रही है। पुलिस चौकी के सामने से होकर रोजाना रात में दर्जनों की संख्या में बालू से ओवरलोड वाहन निकलते हैं। बताते हैं कि शुक्रवार रात में कछला के पास ही भाजपा के एक नेता की कार ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉला की चपेट में आने से बच गई तो भाजपा नेता ने पुलिस से शिकायत कर दी थी। पकड़े गए ट्रैक्टरों में एक वाहन नगर निवासी नेता का बताया जा रहा है।