हजरतपुर इलाके में तीन पुलिया ध्वस्त
दातागंज। बाढ़ का पानी कम होने लगा है। बाढ़ की चपेट में आकर गांव अकट, मौजमपुर, लालपुर खादर से हजरतपुर के मुख्य मार्ग की तीन पुलियां ध्वस्त हो गई हैं। पुलियों के आस पास की जमीन का कटान हो गया है। अगर इन पुलियों का जल्द ही सुधार नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं हजरतपुर पुल के पास सड़क किनारे जमीन धंस गई है।
गंगा और रामगंगा का यह है जलस्तर
रामगंगा का जलस्तर आने वाले 24 घंटे में और घटने का अनुमान है। कालागढ़ बैराज से कम पानी छोड़ने की वजह से रामगंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 76 सेंटीमीटर कम हो गया है। रामगंगा का जल स्तर 13 जुलाई सुबह को 160.090 मीटर रिकॉर्ड किया गया है। 12 जुलाई को 160.850 मीटर था।
वहीं गंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 28 सेंटीमीटर बढ़ गया है, लेकिन हरिद्वार, बिजनौर व नरौरा बांध से अगले चौबीस घंटे पानी कम छोड़ा जाएगा। इसलिए गंगा का मैदानी क्षेत्र में जलस्तर कम होने के आसार है। कछला घाट पर भी जलस्तर कम हो जाएगा। कछला पर शनिवार को 161.44 मीटर पर गंगा का जलस्तर रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को यह 161.16 मीटर था। कछला में गंगा खतरे के निशान से 56 सेंटीमीटर नीचे बह रही हैं।
डीएम मनोज कुमार ने बताया कि मैंने शनिवार को हर्रामपुर का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत की। कोटे का राशन गांव में पहुंच गया है। वितरण कराया जा रहा है। हर्रामपुर के लोगों ने बिजली गुल होने की बात कही। आपूर्ति बहाल कराएंगे लेकिन पहले यह देखा जाएगा कि आपूर्ति चालू होने पर बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में कहीं कोई खतरा तो नहीं है। सौर ऊर्जा से बिजली के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।