अनियंत्रित होकर मैजिक से टकराया ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैजिक गाड़ी मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मुड़िया धुरेकी कस्बे के नजदीक पहुंचा था। तभी सामने से तेज रफ्तार ओवरलोड भूसा भरा ट्रक आया। उसका ऊपरी हिस्सा पेड़ की डाल से टकरा गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर मैजिक से जा भिड़ा। इसमें मैजिक चालक गुलनवाज, उसके पास बैठे हाजी इमरान और पीछे बैठे उनके बेटे इजहार की मौके पर मौत हो गई, तो इजहान गंभीर रूप से घायल हो गया।
कुछ दूरी पर गश्त कर रहे एसओ फैजगंज बेहटा सिद्धांत शर्मा सूचना पर तुरंत पहुंच गए लेकिन इससे पहले ट्रक का चालक और हेल्पर कूदकर भाग गए। एसओ ने घायल इजहान को बिसौली स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। परिवार वालों के पहुंचने पर पुलिस ने दोपहर बाद तीनों शवों के पोस्टमार्टम करा दिए। ट्रक और मैजिक कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।