उझानी। धार्मिक अनुष्ठान कराने के लिए बाइक से निकले युवक समेत तीन लोगों को सामने से पिकअप ने रौंद दिया। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा शनिवार दोपहर बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव बुटला के पास हुआ। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव नंदगांव निवासी मोतीराम (50) और भोलेराम (55) पुत्र मोहन लाल अपने रिश्तेदार वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कोठा निवासी आनंदपाल (25) पुुत्र हंसराज की बाइक पर बैठकर धार्मिक अनुष्ठान कराने के लिए कछला के लिए निकले थे।
बुटला बोर्ड के पास सामने से पिकअप की टक्कर लगते ही तीनों उसके नीचे आ गए। तीनों को लहूलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। तीनों में से कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। उनके सिरों में चोट आई है। पुलिस ने तीनों घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों में मोतीराम की हालत नाजुक है। पुलिस ने पिकअप और उसके चालक को पकड़ लिया है। पिकअप को हादसे के बाद ग्रामीणों ने ही घेर लिया था।