अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
व्हाटसएप पर आई थी वीडियो कॉल, सराफ ने मांगी सुरक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। नगर के बड़े सराफा कारोबारी प्रदीप गोयल से मोबाइल पर कॉल करके 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई है। उन्हें व्हाटसएप पर वीडियो कॉल करने वाले अज्ञात युवक ने पहले तो बेटे शुभम और उनका नाम लेकर जान से मार देने की धमकी दी, फिर 50 लाख रुपये की मांग की। दहशत में आए सराफ ने पुलिस को सूचना दी। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
श्रीनारायणगंज मोहल्ला निवासी सराफ प्रदीप गोयल का प्रतिष्ठान स्टेशन रोड पर रामलीला मैदान मोड़ के पास है। उनके मोबाइल पर मंगलवार प्रात: करीब 10 बजे व्हाटसएप पर वीडियो कॉल आई तो उन्होंने अपरिचित चेहरा होने के बाद भी कॉल रिसीव कर ली। कॉलर ने उनका नाम और पता के अलावा कारोबार के बारे में बता दिया। सराफ गोयल कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कॉलर उन्हें धमकाने लग गया।सराफ गोयल से कहा गया कि वह अपनी और बेटे शुभम की खैर चाहते हैं तो 50 लाख रुपये भेज दें। रुपये ऑनलाइन ट्रांसफार्मर करने के लिए उन्हें एक फोन नंबर भी दिया गया। धमकी से दहशत में आए सराफ ने कोतवाली जाकर पुलिस को अवगत कराया। सराफ ने बताया कि उनका एक इंटरनेशनल स्कूल भी शुरू हो रहा है। कारोबार और स्कूल संबंधी कार्य के लिए उन्हें बेटे समेत बाहर आना-जाना पड़ता है। उनके साथ अनहोनी भी हो सकती है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सराफ की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सर्विलांस सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। जो नंबर सराफ को बताया गया है, उसके बारे में तहकीकात कराई जा रही है।
सीबीआई अफसर बताकर मिष्ठान विक्रेता से ठगी की कोशिश
- मोबाइल फोन पर प्रमुख कारोबारियों को ठगी का शिकार बनाने के लिए मंगलवार दोपहर एक मामला और सामने आया। साहूकारा मोहल्ला निवासी मिष्ठान विक्रेता धर्मेंद्र वार्ष्णेय के व्हाटसएप नंबर पर ऑडियो कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अफसर बताकर उनके बेटे को हिरासत में बताया गया। चूंकि धर्मेंद्र के पास ही उनका बेटा मौजूद था, सो उन्हें कॉल ठगी की कोशिश का अहसास हो गया। पिछले दिनों ऐसी ही एक ऑडियो कॉल के बाद अयोध्यागंज मोहल्ला निवासी पशुधन प्रसार अधिकारी योगेश कुमार सिंह से दो बार में 90 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए गए थे।