बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सोमवार की सुबह कार में लिफ्ट देने के बहाने लूट की घटना को अंजाम दिया। युवक से तमंचे के बल पर बदमाश सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल और चार हजार रुपये लूट ले गए। लूटपाट के बाद बदमाश पीड़ित को कार से धक्का देकर भाग गए। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस पूरे दिन पीड़ित को इधर-उधर घुमाती रही।
बरेली के थाना कैंट के चनेहटी क्षेत्र के रहने वाले विष्णु मुकेश पुत्र पोथीराम बदायूं शहर के मोहल्ला पटियाली सराय में किराये के मकान में रहते हैं। वह बरेली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे रोडवेज बस पकड़ने के लिए विष्णु शहबाजपुर चौराहे पर जाकर खड़े हो गए। इसी बीच एक स्विफ्ट कार चौराहे पर आकर रुकी। कार चालक बरेली जाने के लिए आवाज लगाने लगा। जल्दी पहुंचने के लिए विष्णु कार में बैठ गए।
चालक ने उन्हें पीछे की सीट पर बैठा लिया। कार जैसे ही शहर से निकली पहले से ही पीछे बैठे दो लोगों ने उनके कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल और चार हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश उन्हें चलती कार से धक्का देकर भाग गए।
कोतवाली व बिनावर थाने की पुलिस ने पीड़ित को बनाया फुटबाल
लूट की घटना के बाद पीड़ित जैसे तैसे नवादा पुलिस चौकी पर पहुंचा और मामले की जानकारी दी। चौकी पुलिस ने कोतवाली पुलिस को बताया। पुलिस ने लूटे गए मोबाइल की लोकेशन ली तो वह आमगांव की आ रही थी। इसके बाद पुलिस वहां पर पहुंची, लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया। बाद में नवादा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो घटनास्थल बिनावर थाना क्षेत्र का बताकर पीड़ित को बिनावर थाने भेज दिया। वह शाम को बिनावर थाने पहुंचा तो वहां की पुलिस एक बार फिर पीड़ित को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। कोतवाली पुलिस घटना स्थल बिनावर का बता रही तो बिनावर पुलिस कोतवाली का। पूरा दिन गुजर गया पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
कानपुर की गाड़ी का निकला नंबर
पीड़ित जब लूटपाट के बाद नवादा चौकी पुलिस के पास पहुंचा तो उसने गाड़ी का नंबर पुलिस को बता दिया। इसके बाद पुलिस ने नंबर के आधार पर गाड़ी को ट्रेस किया तो वह कानपुर की निकली। कार मालिक ने बताया कि गाड़ी घर पर कानपुर में खड़ी है। उसने वीडियो कॉल कर कार भी पुलिस को दिखलाई।
जहां से घटना की शुरुआत हुई है, उसी थाने में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कोतवाली पुलिस को घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। - ब्रजेश सिंह, एसएसपी