उझानी। दिल्ली में रह रहे दो युवकों के पैतृक घरों को चोरों ने खंगाल लिया। इसकी जानकारी होने पर दोनों शुक्रवार देर शाम गांव लौटकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने चोरी में करीब 70 हजार रुपये का नुकसान बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर सौंपी है।
शनिवार दोपहर कोतवाली आए गांव वनगवां निवासी गुड्डू पुत्र राजाराम ने बताया कि घटना तीन दिन पहले की है। कुनबे के लोगों में कल्लू ने उन्हें फोन कर चोरी के बारे में बताया तो वह शुक्रवार सुबह ही दिल्ली से चल पड़े। गुड्डू के घर से चोरों ने पीतल क बर्तन, रसोई गैस सिलिंडर के अलावा अन्य सामान समेट कर खाली बक्से कमरे के बाहर छत पर फेंक दिए थे।
गेंदनलाल के घर से भी बर्तनों के कपड़े, सिलिंडर समेत घरेलू सामान चोर निकाल ले गए। दोनों ने करीब 70 हजार रुपये का नुकसान बताया है। सूचना के बाद पुलिस कर्मियों ने मौका मुआयना भी किया। बता दें कि पिछले दिनों चोरों ने इसी अंदाज में सुनील कुमार का घर भी खंगाल लिया था। सुनील भी बाहर रहते है। उनके घर में भी ताला पड़ा था। सुनील की तहरीर पर पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर चुकी है।