जरीफनगर। थाना क्षेत्र के गांव जतकी में बुधवार रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। चोर एक-एक करके चारों घरों से सोने-चांदी के जेवर समेत नकदी चुरा ले गए। सुबह परिवार वाले सोकर उठे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। सभी गृह स्वामियों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम जतकी निवासी नेकराम पुत्र रोहन बुधवार रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात में करीब 12 बजे चोर उनके घर में घुस आए। चोर उनके घर से चांदी के खंडुआ, सोने की बेसर और पाजेब समेत काफी सामान चुरा ले गए। इसी दौरान अचानक उनकी बेटी की आंख खुल गई, जिससे उसने शोर मचा दिया। उसके बाद चोर घर से निकलकर भागे।
इसके अलावा चोरों ने इकबाल पुत्र जमीर के घर को भी निशाना बनाया। चोर उनके घर से जेवर और कुछ कपड़े चुरा ले गए। सुबह परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई। उनके अलावा जमीर अहमद पुत्र कल्लू खां के घर से कपड़े और दो हजार रुपये चोरी हुए हैं। उन्हें भी घटना की जानकारी सुबह में हुई।
चौथी घटना नवी शेर पुत्र रज्जाक अली के घर में हुई। पिछले सप्ताह उनके बेटे की शादी थी। बुधवार रात गर्मी की वजह से परिवार वाले बाहर सो रहे थे। इसका फायदा उठाकर चोर कमरों में घुस गए। चोर उनके घर से सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चुरा ले गए। सुबह में परिवार वालों को जानकारी हुई तो उन्हाेंने पुलिस को सूचना दी, जिससे एसओ रविकरन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की छानबीन करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कई ट्यूबवेल से सामान चोरी
सिलहरी। बुधवार रात चोरों ने ग्राम दहेमी और भगवतीपुर के ट्यूबवेल को फिर निशाना बनाया। चोरों ने दहेमी निवासी रंजीत पटेल, ओमकार सिंह, प्रदीप कुमार, सुरेश सिंह, बबलू समेत कई किसानों के ट्यूबवेलों के ताले तोड़ लिए। चोर उनके ट्यूबवेल से केबल, स्टार्टर, पाइप और अन्य सामान चुरा ले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब किसान अपने-अपने ट्यूबवेल पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोरियों की सूचना पुलिस को दे दी गई है। संवाद