बदायूं। डीएम निधि श्रीवास्तव ने शनिवार को पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्र महात्मा गांधी बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। अभ्यर्थियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था आदि देखी। कुछ कक्षों में अंधेरा लग रहा था वहां बल्ब व रॉड लगाने के निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को कोई दिक्कत न होने पाए।
डीएम ने परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान वहां सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को देखा। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में बैठकर डीएम ने कई परीक्षा केंद्रों को देखा। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति ली जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के आस पास कोई भी नहीं रहना चाहिए। चौकसी में कोई कोताही न हो वरना कार्रवाई की जाएगी।