बदायूं। घर में सफाई करने वाली महिला ने ही सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काशीराम आवास के रहने वाले आकाश शाक्य ने बताया कि दो माह पहले 25 अगस्त को घर से सोने-चांदी समेत 50 हजार रुपये चोरी हो गए थे। चोरी का शक पहले दिन से ही घर में सफाई करने वाली बबिता पर था लेकिन उससे कुछ कह नहीं सके। उसी दिन से उन्होंने उस पर निगरानी शुरू कर दी। घर में जहां पैसे रखते थे वहां पर मोबाइल को वीडियो मोड पर रख दिया। जिसमें पता चला कि नौकरानी जेब से पैसा निकाल रही है। इसके बाद भी उससे कुछ नहीं कहा गया। 16 सितंबर को नौकरानी से पूछा तो उसने कहा कि आपके घर से सोने के झाले, चेन व चांदी की पायल व 50 हजार रुपये गलती से मैंने ही निकाले हैं। कहा कि मैंने वह अपने पुत्र संजू को दे दिए हैं। उसके बेटे से कहा तो उसने रुपये देने से मना कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।