उझानी। बिल्सी रोड पर संजरपुर के पास रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीसरी बाइक सवार भी चपेट में आ गई। तीनों बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए।
तीसरी बाइक सवार घायलों में कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसोरा निवासी दुर्वेश (18) पुत्र अशोक, कुंवरपाल (50) पुत्र केशव और मुन्नालाल (60) पुत्र नबाव सिंह शामिल हैं। तीनों ही बिसौली क्षेत्र के गांव नौली हरनाथपुर गांव में रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकले थे। दुर्वेश ने बताया कि दो बाइक सवार आपस में टकरा गए थे। उसी दौरान एक बाइक उसकी बाइक से भिड़ गई। अन्य दोनों बाइक सवार तीन और युवक भी लहूलुहान हो गए हैं।
हादसे के बाद मौके पर जुटे इलाके के लोगों बाइक सवारों को समझाने की कोशिश की तो वह लोगों से उलझ गए। लोगों ने दोनों बाइक सवारों की मजामत भी कर दी। इसके बाद दोनों बाइक सवार युवक दुर्वेश समेत उसके गांव के तीनों घायलों को मौके पर पड़ा छोड़ भाग गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने दुर्वेश, कुंवरपाल और मुन्नालाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर प्राथमिक उपचार कराया। इसे लेकर हादसा स्थल के आसपास अफरातफरी का माहौल बना रहा। घायलों में दुर्वेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।