यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में हो रही देरी
बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निर्धारण डीएम की अध्यक्षता और डीआईओएस के सचिव वाली कमेटी करती है। कमेटी में सभी एसडीएम, जीजीआईसी और एक अन्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बतौर सदस्य शामिल होते हैं। इस बार बोर्ड परीक्षाएं फरवरी में शुरू हो जाएंगी, जबकि दिसंबर में पंचायत चुनाव भी होने हैं। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारी काफी व्यस्त हैं। इसलिए बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पहले ही की जानी हैं। इसके चलते डीआईओएस वीना यादव ने सदर तहसील क्षेत्र के 34 केंद्र, बिल्सी के 27, बिसौली के 21, दातागंज के 13 और सहसवान तहसील क्षेत्र के पांच केंद्रों की सूची वहां के एसडीएम को भेज दी। साथ ही उन परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करके सूची भेजने के लिए कहा था, लेकिन अभी तक एसडीएम स्तर से परीक्षा केंद्रों का सत्यापन होकर सूची नहीं आ सकी हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करने वाली कमेटी की दूसरी बैठक तक तय नहीं हो सकी। इससे बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में देरी हो रही है।