गदरपुरा मोहल्ले में छत गिरने के बाद मलवा दिखाता परिवार का सदस्य। संवाद
बिसौली। कस्बे के गदरपुरा मोहल्ले में शनिवार रात एक मकान की कच्ची छत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर महिला अरवीन (32) की मौत हो गई, जबकि उसके दो बच्चे घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार वालों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। देर शाम उसके शव को दफन कर दिया।
कस्बे के गदरपुरा मोहल्ला निवासी बंटू सैफी हरियाणा में मजदूरी करते हैं। उनके परिवार वालों के मुताबिक, बंटू की पत्नी अरवीन, बेटी अलसिफा (13) और बेटा अनस (6) घर पर रहते हैं। उनके घर की दीवारें तो पक्की हैं, लेकिन छत कच्ची थी। उस पर लकड़ी बिछाकर मिट्टी पड़ी थी। शनिवार रात परिवार के तीनाें सदस्य मकान में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे हल्की-हल्की बारिश हो रही थी। उसी दौरान अचानक उनके मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिससे तीनों मां, बेटे और बेटी दब गए। मकान की छत गिरने की आवाज सुनकर मोहल्ले वाले जाग गए। जब उन्हें पता चला कि बंटू के घर की छत गिर गई है। तो वह दौड़कर मौके पर आ गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने कड़ी मशक्कत से मलबा हटाकर तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अरवीन की मौत हो गई।
मोहल्ले वाले घायल अलसिफा और अनस को नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां उन्हें भर्ती करा दिया गया। सूचना मिलने पर सुबह के समय कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताते हैं कि हादसे के बाद मोहल्ले वालों ने इसकी सूचना बंटू को दी, जिससे वह हरियाणा से बदायूं के लिए रवाना हो गया। वह रविवार देर शाम घर पहुंच गया। उसके परिवार वालों ने अरवीन के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की मौत हादसे में हुई है। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
गदरपुरा मोहल्ले में छत गिरने के बाद मलवा दिखाता परिवार का सदस्य। संवाद