बदायूं। बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे पर कछला में गंगा पर एक और पुल बनेगा। यह पुल थ्री-लेन होगा, क्योंकि कछला में मौजूदा पुल की चौड़ाई नेशनल हाईवे के मानकों के अनुरूप नहीं है। दो पुल होने पर वन-वे ट्रैफिक रहेगा, इससे यहां स्नान पर्वों पर लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी। हाईवे पर गांव बुटला खंजन में भी एक और पुल का निर्माण होगा।
बरेली-मथुरा हाईवे अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन है। फिलहाल हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। केंद्र सरकार ने इसके लिए बजट भी जारी कर दिया है। तीसरे चरण में जल्द ही कासगंज से बदायूं की ओर सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू होना है।
जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर कछला में गंगा का मौजूदा पुल एनएच के मानकों पर खरा नहीं उतर रहा है। यह पुल टू लेन है, जबकि नेशनल हाईवे को कम से कम फोरलेन पुल चाहिए। आने वाले दिनों में यातायात का और दबाव बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए दूसरे पुल का निर्माण कराने का एनएचएआई ने निर्णय लिया गया है।
करीब 800 मीटर लंबे इस नये पुल को थ्री-लेन बनाया जाएगा, ताकि कभी भविष्य में हाईवे को सिक्स लेन में बदलना पड़े, तो ज्यादा दिक्कत न हो। कछला के साथ-साथ कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव बुटला खंजन में भैंसोर नदी पर भी एक और पुल बनाया जाएगा। इन दोनों पुलों पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पहले ट्रेन और वाहनों के लिए था एक ही पुल
कछला में पहले बरेली-मथुरा को रेलवे ट्रैक और सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए गंगा पर एकमात्र पुल था। इससे होकर ट्रेन और वाहन दोनों का आवागमन रहता था। ट्रेन आने पर पुल पर सड़क यातायात बंद कर दिया जाता था। इसके बाद बारी-बारी से एक-एक तरफ का ट्रैफिक निकला जाता था। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी होती थी। वह पुल अपनी मियाद भी पूरी कर चुका था। आमान परिवर्तन होने पर रेलवे ने ट्रेन के लिए नया पुल बनाया। अब इस पुल से सिर्फ ट्रेनें ही गुजरती हैं। वर्ष 2012 में गंगा पर वाहनों के आवागमन के लिए टू-लेन पुल बनाया गया। इसके बन जाने से लोगों को काफी राहत मिली।
छतुइया क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज
कछला से बदायूं के बीच छतुइया रेलवे क्रॉसिंग है। ट्रेन आने पर फाटक बंद होने से अक्सर वहां वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। आने वाले दिनों में लोगाें की यह दिक्कत भी दूर हो जाएगी। एनएचएआई यहां ओवरब्रिज बनाएगा। मथुरा से बरेली तक की सड़क को फोरलेन करने के लिए काम को चार चरण में बांट गया है। तीसरे चरण में कासगंज से बदायूं के चंदन नगर खैर तक चौड़ीकरण का काम किया जाएगा। इस दौरान एनएचएआई कछला, बुटला खंजन के पुल के अलावा 15 अंडरपास, 11 माइनर ब्रिज और 91 पुलिया भी बनाएगा।
-जल्द ही तीसरे चरण का काम शुरू हो जाएगा। इसके तहत कछला में थ्री लेन का पुल बनाया जाएगा। अभी जो पुल वहां बना है, उसकी चौड़ाई एनएचएआई के मानक के अनुरूप नहीं है। इसके साथ ही बुटला खंजन में भी पुल बनेगा। हाईवे पर अन्य कई निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। - उत्कर्ष शुक्ला, परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय राजमार्ग