- वाल्मीकि समाज के एक व्यक्ति की अंत्येष्टि के दौरान दो पक्ष आ गए थे आमने-सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान। श्मशान की भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीम ने मौक़े पर पहुंंचकर विवाद निपटाया। दोनों पक्ष श्मशान की भूमि की पैमाइश कराने की मांग कर रहे थे।
ग्राम हरदत्तपुर में पुल के नीचे वाल्मीकि समाज के लोग अंत्येष्टि के लिए शव लेकर पहुंचे तो सत्यपाल ने श्मशान की जमीन को अपना बताते हुए उन्हें अंत्येष्टि करने से रोका। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने मामले को निपटाने की कोशिश की, परंतु दोनों पक्ष भूमि की पैमाइश कराने की मांग पर अड़े रहे।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद नायब तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौक़े पर पहुंचे, लेकिन वह पैमाइश कराके श्मशान की भूमि की सीमा तय नहीं कर सके। उन्होंने अंत्येष्टि का विरोध कर रहे सत्यपाल को आश्वस्त किया कि वह आज अंत्येष्टि हो जाने दें, आगे श्मशान की भूमि का दायरा निश्चित कर दिया जाएगा। इस पर वाल्मीकि समाज के लोग भी सहमत हो गए। नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने बताया कि अंत्येष्टि करा दी गई है। आगे जांच कर श्मशान की भूमि निश्चित करा दी जाएगी।