उझानी में पाइप लाइन को खोदई करते मजदूर। संवाद
उझानी। पेयजल पार्ट- टू योजना के तहत करीब 35 करोड़ रुपये से गली-मोहल्लों में डाली जा रही नई पाइप लाइन का लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। आरोप है कि ठेकेदार ने उन इलाकों में सड़कों की खोदाई शुरू करा दी है जहां पहले से पाइप लाइन पड़ी है। नोकझोंक के बाद खोदाई का काम रुकवा दिया गया।
श्रीनारायणगंज मोहल्ले के मिल कंपाउंड इलाके में जिन दो-तीन गलियारों में शनिवार को मजदूर नई पाइप लाइन डालने के लिए सड़क की खोदाई कर रहे थे, वहां पहले से ही पाइप लाइन पड़ी हुई है। मोहल्ले के अंकित अग्रवाल और स्नेह शर्मा ने इसका विरोध करते हुए मजदूरों को आड़े हाथ ले लिया। उनकी मजदूरों से नोकझोंक भी हो गई। मजदूरों ने ठेकेदार के साइट मैनेजर को मौके पर बुला लिया। इसके बाद काम रुकवा दिया गया।
बता दें कि पेयजल पार्ट- टू योजना के तहत कस्बे में दो ओवरहैड टैंक, सात नलकूप के निर्माण के अलावा करीब 70 किलोमीटर क्षेत्र में नई पाइप लाइन डालने का भी काम होना है। आरोप है कि जिन मोहल्लों की गलियों में पहले से ही पाइप लाइन दुरुस्त है, वहां भी नई पाइप लाइन डाली जा रही है। इसे लेकर इलाके के पालिका सदस्य ने भी शिकायत की थी।
अधिशासी अधिकारी अब्दुल शबूर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल निगम की शाहजहांपुर यूनिट काम करा रही है। यूनिट के अफसरों से अभिलेखीय जानकारी मांगी गई है। हालांकि एस्टीमेट में पुरानी लाइन को बदले जाने की भी बात तय है। ऐसे में लोगों को विरोध नहीं करना चाहिए।