बिसौली में गमगीन बैठे मृतक छात्र पलाश पाठक के परिजन। संवाद
बिसौली (बदायूं)। कस्बे के जूनियर हाईस्कूल परिसर में पेड़ पर फंदे से लटके मिले छात्र के मामले में कोतवाली अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। परिवार वालों ने जरूर एक लड़की का नाम लेते हुए उसके परिवार वालों और साथियों पर हत्या की आशंका जताई है। वह यह मानने को तैयार नहीं है कि पलाश ने आत्महत्या की होगी। तहरीर देते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार सुबह कुम्हारन वाली गली निवासी पलाश पाठक (17 वर्ष) का शव स्कूल परिसर में रस्सी के फंदे से पेड़ पर लटका मिला था। उसके जूते वहीं उतरे हुए थे। वहां एक ईंट भी रखी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की पुष्टि हुई थी। इसलिए कोतवाली पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, परंतु परिजनों का कहना है कि पलाश का मोबाइल फोन पूरी रात बंद रहा था। सुबह के समय चालू था। फोन किसने चालू किया था। इसकी जांच भी होनी चाहिए।
उन्होंने कस्बे की एक लड़की का नाम लिखते हुए तहरीर दी है। बताया कि यह लड़की काफी समय से पलाश के संपर्क में थी। उनका एक दूसरे के घर भी आना-जाना था, लेकिन उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि पलाश की हत्या कर दी जाएगी। उन्होंने लड़की के परिवार वालों और उसके साथियों पर हत्या की आशंका जताई है। यह भी कहा है कि पुलिस पहले इसकी गंभीरता से जांच करे। यदि लड़की और उसके परिवार वाले दोषी निकलें तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर आई है। उसके आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। इसमें जो सच्चाई निकलकर सामने आएगी, उसके अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।