दातागंज। गांव पापड़ हमजापुर के 36 वर्षीय किसान रामकिशन की अरिल नदी में रविवार की सुबह डूबकर मौत हो गई। वह शाम तक घर नहीं आए तो परिवार वाले उन्हें ढूंढते हुए खेत पर पहुंचे, जहां अरिल नदी में उनका शव उतराता मिला। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम पापड़ हमजापुर निवासी रामकिशन पुत्र राममूर्ति खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे अपने खेत पर धान की रोपाई करने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में अरिल नदी पार करते समय डूब गए। इधर शाम चार बजे तक जब वह घर लौटकर नहीं आए तो परिवार वाले उन्हें तलाश करते हुए खेत की ओर निकल पड़े। इसी बीच उनका शव अरिल नदी में उतराता हुआ मिला। परिवार वालों ने बताया कि किसान तीन भाइयों में बड़े थे। उनके चार बच्चे हैं।
बता दें कि गंगा एक्सप्रेस-वे पर मिट्टी डालने के दौरान अरिल नदी से ही खोदाई की गई थी। इससे कहीं-कहीं गहरे गड्ढे हो गए हैं। उसमें बारिश का पानी भरा हुआ है।