बदायूं। फैजगंज बेहटा क्षेत्र में दबंगों से परेशान होकर गांव छोड़ने वाले परिवार को वापस लाने का कोई प्रयास किसी की तरफ से नहीं किया गया। पुलिस तो आंख बंद कर तमाशगीर बनी रही, प्रशासन ने भी सुध नहीं ली। हालत यह है कि नौ दिन बाद भी घर में घुसकर हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। एनसीआर तो दर्ज की गई, लेकिन मेडिकल के बाद धारा अब तक नहीं बढ़ाई गई है।
गांव सुरैली पापड़ी गांव में एक मात्र मुस्लिम परिवार रहता था। इस परिवार में तीन भाई छिद्दन, भूलन्न और छुट्टन हैं। इनके बच्चे भी हैं। पूरे परिवार में 15 सदस्य हैं। बताया जाता है कि गांव के ही दूसरे समुदाय के एक परिवार से तीन साल पहले जमीन को लेकर विवाद हो गया था। दूसरे समुदाय का परिवार तीनों भाइयों ने जो जमीन खरीदी थी, उसे अपनी बताता था। मामला में कोर्ट में भी चला था। तीनों भाई वहां पर अपना मकान बनाना चाहते हैं, लेकिन दूसरा पक्ष मकान नहीं बनने दे रहा था।
आरोप है कि आठ दिन पहले दबंगों ने घर में घुसकर छिद्दन और भूलन्न के साथ मारपीट की थी। इसी के चलते शुक्रवार को परिवार ने गांव छोड़ दिया था। थाना पुलिस को छोड़िए अधिकारियों ने तक परिवार को वापस बुलाने का कोई प्रयास नहीं किया। इसी के चलते पूरा परिवार अब जनपद संभल के चंदौसी शहर में रह रहा है। उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के चलते परिवार चंदौसी में भी भयभीत है।