संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर की जर्जर सड़कों को गड्ढा मुक्ति का अब भी इंतजार है। पहले भुगतान रोकने पर ठेकेदारों ने काम रोक दिया और उसके बाद विभागीय अफसर तापमान में बढ़ोत्तरी पर काम शुरू होने की बात कह रहे थे। अब दिन का तापमान 24 डिग्री तक पहुंच गया लेकिन स़ड़कों की मरम्मत और निर्माण अभी भी शुरू नहीं कराया गया।
शहर की सभी प्रमुख सड़कें जर्जर हैं। तापमान में इजाफा होने के बाद इन सड़कों से मिट्टी और धूल भी उड़ने लगी है। सर्दियों के सीजन से पहले नगर पालिका ने 13 सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम शुरू कराया था, लेकिन ठेकेदारों को 80 लाख रुपये का भुगतान ही नहीं दिया गया।
ऐसे में अब तापमान में सुधार होने के बाद भी ठेकेदार काम शुरू नहीं करा रहे। नगर पालिका समेत जिम्मेदार जिस तरह से काम कर रहे हैं उसको देखकर ऐसा नहीं लगता कि शहर के लोगों को जल्द गड्ढा मुक्त सड़के मिल सकेंगी।
-
प्रमुख सड़कें दुर्दशा का शिकार
शहर का शायद ही कोई इलाका ऐसा हो जो कचहरी तिराहा, जिला असपताल, भगवान परशुराम चौक, कश्मीरी चौक, गद्दी चौक, शिव चौक होते हुए बरेली हाईवे तक जाने वाली सड़क का इस्तेमाल न करता हो। इस सड़क की दशा बेहद खराब है। सुभाष चौक से पनबड़िया होते हुए छह सड़का तक जाने वाली सड़क, जोगीपुरा से गौशाला होते हुए भगवान परशुराम चौक तक जाने वाली सड़क, बरेली रोड से केदारनाथ इंटर कॉलेज से राजाराम इंटर कॉलेज तक की सड़क, टिकट गंज से गिंदो देवी कॉलेज होते हुए पथिक चौक तक की सड़क, जगवाहरपुरी में बरेली हाईवे की सड़क, वन विभाग से बरेली हाईवे और भगवान परशुराम चौक तक जाने वाली सड़क की दशा सबसे ज्यादा खराब है।
कई स्थानों पर अधूरा पड़ा है काम
- शहर में कई स्थानों पर काम अधूरा पड़ा है। बरेली रोड से कच्ची लीक होते हुए नई सराय चौकी तक आने वाली सड़क का काम चार माह पहले शुरू कराया गया था। यह अब तक पूरा नहीं हो सका है। इसके अलावा गांधी ग्राउंड शिव मंदिर से तोताराम मार्केंट की सड़क का काम भी अधूरा पड़ा है।
-
ठेकेदारों को भुगतान किन कारणों से नहीं हो सका है यह दिखवाया जाएगा। नगर पालिका से सड़कों की स्थिति को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। जहां भी काम की जरूरत है वहां काम कराया जाएगा।- अरुण कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट/प्रभारी ईओ
जफा की कोठी से शहबापुर को जाने वाली टूटी पड़ी सड़क। संवाद
जफा की कोठी से शहबापुर को जाने वाली टूटी पड़ी सड़क। संवाद
जफा की कोठी से शहबापुर को जाने वाली टूटी पड़ी सड़क। संवाद