मूसाझाग (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव रुखड़ा खौला निवासी युवक ने पानी की टंकी का निर्माण कराने वाले ठेकेदार पर चाकू मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है और ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सोनू के मुताबिक आगरा निवासी एक ठेकेदार उसके गांव में पानी की टंकी का निर्माण करा रहा है। सोनू बुधवार शाम बाइक लेकर गांव के बाहर खेत पर गया था। तभी सामने से आ रहे ठेकेदार की कार से टक्कर लग गई। इससे दोनों में कहासुनी हो गई। सोनू ने इसकी शिकायत ग्राम प्रधान से की। प्रधान ने कह दिया कि वह इस मामले को देख लेंगे।
आरोप है कि इससे ठेकेदार बौखला गया। रात आठ बजे सोनू वापस गांव आ रहा था। तभी ठेकेदार ने उसको चमरौलिया वाले रोड पर रोककर उसको चाकू मार दिया। इससे सोनू घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने ठेकेदार को वहीं पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सोनू ने ठेकेदार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। वहीं, घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।