पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। छेड़खानी की घटना के दौरान घायल हुई युवती की दूसरे दिन भी हालत नाजुक बनी रही। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवती के मुंह से खून बहना तो बंद हो गया, लेकिन सेहत में कोई खास सुधार नहीं हुआ। इस बीच, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी शाहिद तीन बच्चों का पिता है। सोमवार दोपहर वह युवती के घर में घुस गया था। वहां उसने युवती को बुरी नीयत से दबोच लिया। शोर मचाने पर उसने युवती का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। गला दबाने से युवती के मुंह से खून निकलने लगा। वह बेहोश हो गई।
युवती की मां घर लौटी तो वह जमीन पर बेहोश पड़ी थी। परिवार वालों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक- इलाज के दौरान मंगलवार तड़के वह होश में आ गई। मुंह से खून बहना बंद हो गया है लेकिन हालत अभी नाजुक है। पुलिस ने उसकी मां की तहरीर पर शाहिद के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।