आगरा से टेंट का सामान आज पहुंचेगा, सिरकी-पाल से तंबुओं की चहारदीवारी बनना शुरू
कादरचौक। ककोड़ा में शुक्रवार से तंबुओं का शहर बसना शुरू हो जाएगा। इसको लेकर बृहस्पतिवार को आगरा से टेंट का सामान लेकर वाहन भी रवाना हो गया, जो शुक्रवार को वहां पहुंच जाएगा। उसके बाद वहां तंबुओं को लगाने का काम शुरू होगा। वहीं बृहस्पतिवार को सिरकी-पाल पहुंच गई।
रुहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्घ ककोड़ा मेला को लगाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। बृहस्पतिवार को मेले में सिरकी-पाल लगाने का काम शुरू हो गया। सिरकी-पाल से तंबुओं की चहारदीवारी बनाई जाएगी। उसके बाद में तंबुओं को लगाने का काम शुरू होगा। जिला पंचायत द्वारा इस बार आगरा के राजीव बंसल को टेंट का ठेका दिया गया है।
गंगाघाट तक बनी वनवे सड़क
मेला ककोड़ा के मुख्य घाट तक पहुंचने के लिए टू लेन सड़क बनाई जाएगी। एक टू लेन सड़क मेले से लौटने वालों के लिए अलग से बनेगी। इसका काम तेजी से चल रहा है। बृहस्पतिवार को कादरचौक से मेला ककोड़ा को जाने वाली वन वे सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, साथ ही अन्य सड़कों को बनाने का काम चल रहा है। इसके जल्द ही बनने की उम्मीद जिला पंचायत के अधिकारियों ने जताई है।
मेला कोतवाल ने किया निरीक्षण
मेला ककोड़ा के लिए अलग से हर साल अस्थायी कोतवाली बनाई जाती है। एसएसपी द्वारा इस बार मेला कोतवाली की जिम्मेदारी दिनेश चंद्र शर्मा को दी गई है। उन्होंने बृहस्पतिवार को मेला स्थल पर पहुंचकर तैयारियों और क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हालांकि इस बार काम देर से शुरू हो रहा है, पर समय से पूरा कर लिया जाएगा।