आसफपुर। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह आसफपुर के नजदीक करीब 22 वर्षीय युवक का शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले बिना पोस्टमार्टम शव को उठाकर घर ले गए है। सुबह करीब 10 बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव डरेला निवासी अर्जुन पुत्र श्यामलाल सोमवार रात करीब आठ बजे से लापता था। तब से परिवार वाले उसे तलाश कर रहे थे। परिवार वालों का कहना है कि करीब तीन माह पहले उसकी गोरखपुर निवासी युवती के साथ शादी हुई थी। उसको शराब की लत थी, जिससे परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था।
युवक की आदत की वजह से परिवार वाले भी काफी परेशान थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीण अपने खेतों पर जा रहे थे। तभी उन्होंने आसफपुर से करीब दो किलोमीटर दूर युवक का शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा देखा। उसके शव को देखकर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने उसकी पहचान अर्जुन के रूप में की तो परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दिए बगैर उसके शव को उठाकर अपने घर ले गए। उन्होंने सुबह करीब 10 बजे उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। उन्होंने कोई कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया है। इंस्पेक्टर जवाहरलाल वर्मा ने बताया कि इस संबंध में हमारे पास कोई सूचना नहीं आई है।