बीएसए ने की निलंबन की संस्तुति, रिपोर्ट डीआईओएस को
बता दें कि कक्षा आठ तक के बच्चों को भोजन दिया जाता है, जिसके लिए मेन्यू भी निर्धारित है। बेसिक स्कूलों के अलावा माध्यमिक विद्यालयों के जूनियर तक के बच्चों को भी भोजन दिया जाता है। इसी क्रम में कुछ लोगों ने शहर के राजाराम महिला इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज और पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज में एमडीएम में अनियमिताओं के बारे में बीएसए से शिकायत की। जिसके बाद इन विद्यालयों में एमडीएम की जांच के आदेश दे दिए गए थे। बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा ने बताया कि शहर के तीन इंटर कॉलेजों में एमडीएम में हो रही धांधली के बारे में शिकायत मिली थी। जिसकी जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई थी, जिसमें दो खंड शिक्षा अधिकारी शामिल थे। दोनों खंड शिक्षा अधिकारियों की रिपोर्ट में पाया गया कि तीनों विद्यालयों में बड़े स्तर पर एमडीएम में घोटाला किया जा रहा है। विद्यालय में एमडीएम तैयार नहीं किया जा रहा था न हीं संबधित दस्तावेज विद्यालय में मौजूद थे। विभाग को भेजे जा रहे उपभोग के मुकाबले विद्यालयों में छात्र संख्या कम थी। इन तीनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के खिलाफ निलंबन की संस्तुति करते हुए जांच की पूरी रिपोर्ट डीआईओएस को भेज दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक, वीना यादव बीएसए द्वारा भेजी रिपोर्ट के आधार पर तीनों विद्यालय में एमडीएम में बड़ी धांधली सामने आई है। इसके लिए तीनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से रिकवरी की जाएगी और निलंबन के लिए विद्यालय के प्रबंधकों को पत्र जारी किया जा रहा है।
-