बिल्सी। क्षेत्र के गांव छौलायन में शुक्रवार सुबह आंबेडकर जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में टेंट लगाते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से लोहे का पाइप टकराने से टेंट मालिक की करंट लगने से मौत हो गई।
गांव बेहटा गुसाईं निवासी 32 वर्षीय रामरतन शाक्य कार्यक्रमों में टेंट और लाइट लगाने का काम करते थे। शुक्रवार सुबह वह गांव छौलायन में आंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में टेंट लगाने गए थे। जब वह टेंट लगाने के लिए लोहे के पाइप खड़े कर रहे थे। तभी पाइप पार्क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार के लोग उन्हें निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।