बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर कूबरी में शुक्रवार रात 11 वर्षीय बालक की मौत सेप्टिसीमिया से हुई थी। परिवार के लोगों ने झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने आरोपी झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
गांव फतेहपुर कूबरी निवासी रूप सिंह के 11 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार को बृहस्पतिवार को बुखार आया था। परिवार वालों ने उसका इलाज गांव के ही झोलाछाप राजवीर के क्लीनिक पर कराया। बुखार न उतरने पर उसे तीन इंजेक्शन लगाए गए। इंजेक्शन लगते ही उसकी हालत बिगड़नी शुरू हो गई। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत थाना पुलिस से की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत का कारण सेप्टिसीमिया बताया गया है। कोतवाल विजेंद्र कुमार सिंह ने आरोपी झोलाछाप राजवीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।