जिले में मच्छरजनिक संक्रामक बीमारियों का प्रकोप है। पिछले दिनों
अलापुर के गांव उपरैला में संक्रामक बीमारियों से चार लोगों की मौत हो गई।
जांच में पता लगा कि यह लोग मलेरिया की चपेट में हैं। गांव में 40 से
ज्यादा मलेरिया के मरीज मिले। उपरैला में अस्थाई अस्पताल खोला गया है।
उपरैला में स्थिति नियंत्रित होती उससे पहले उघैती के गांव मेवली और करनपुर
में संक्रामक बीमारियों से मौतों के मामले सामने आ गए। इससे स्वास्थ्य
विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सोमवार को दोनों गांवों में स्वास्थ्य विभाग
की टीमों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं बांटीं। सीएमओ डॉ.
नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। इन दोनों
गांवों में कोई भी नया मरीज नहीं मिला है।