ककराला। फलाहे आम इस्लामिक इंटर कॉलेज के गेट पर उत्तर पुस्तिकाओं का रखा बंडल जांच में नगर पालिका इंटर कॉलेज का निकला। नगर पालिका इंटर कॉलेज के लिपिक ने कुर्सी पर उत्तर पुस्तिकाओं को बंडल रखकर फोटो और वीडियो बनाया और उसको वायरल कर दिया। इस मामले में डीआईओएस ने विभाग की छवि धूमिल करने के प्रयास में आरोपी लिपिक के खिलाफ डीएम को पत्रावली भेजी है।
ककराला में स्थित फलाहे आम इस्लामिक इंटर कॉलेज और नगर पालिका इंटर कॉलेज को बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दोनों ही कॉलेजों की उत्तर पुस्तिकाओं को फलाहे आम इस्लामिक इंटर कॉलेज का वाहन बदायूं में बने कोठार के लिए लाता है।
बृहस्पतिवार को परीक्षा होने के बाद में उत्तर पुस्तिकाओं का बंडल रोजाना की तरह नगर पालिका इंटर कॉलेज से लेकर लिपिक नकी खां फलाहे आम इस्लामिक इंटर कॉलेज पहुंचे। इस बीच उन्होंने कुर्सी पर उत्तर पुस्तिकाओं को बंडल रखकर एक वीडियो बनाया और फोटो खींचे। इसके बाद में उनको वायरल कर दिया गया।
बोर्ड परीक्षा का मामला होने की वजह से डीआईओएस ने संबंधित केंद्र व्यवस्थापक और लिपिक से जवाब मांगा था। इस बीच फलाहे आम इस्लामिक इंटर कॉलेज में तैनात केंद्र व्यवस्थापक भूमिराज सिंह शाक्य ने कॉलेज गेट पर लगे सीसीटीवी का रिकॉर्ड देखा तो लिपिक की हरकत के बारे में जानकारी हुई। इस पर डीआईओएस ने संबंधित लिपिक के खिलाफ विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास समेत अन्य चीजों को लेकर रिपोर्ट बनाकर डीएम को दी है।
कॉलेज कमेटी हैं भंग, एडीएम प्रशासन है प्रशासक
- नगर पालिका इंटर कॉलेज में कमेटी में कुछ आपसी विवाद है। इस वजह से कमेटी भंग चल रही है। ऐसे में एडीएम प्रशासन विजय कुमार सिंह वहां पर प्रशासक के तौर पर तैनात है।
वर्जन
- ककराला नगर पालिका इंटर कॉलेज में तैनात लिपिक नकी खां ने विभाग की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्रावली डीएम को सौंपी है। अग्रिम कार्रवाई उनके स्तर से की जाएगी। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस