जिला अस्पताल की ओपीडी में दवा लेने को लगी मरीजों की कतार। संवाद
बदायूं। जिला अस्पताल में सोमवार की सुबह आठ बजे से ही दवा लेने के लिए मरीज आना शुरू हो गए थे। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने की वजह से सोमवार को मरीजों की संख्या में एकदम इजाफा हुआ। सुबह से दोपहर दो बजे तक 1,348 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें से 312 मरीजों में डायरिया के लक्षण पाए गए। मरीजों ने घंटों लाइन में लगकर दवा ली। वहीं, जांच कराने आए लोगों को घंटाें भटकना पड़ा।
सोमवार को बुखार के 248, डायरिया व उल्टी-दस्त के 312 मरीज सामने आए। 110 मरीजों ने प्लास्टर लगवाया, 60 मरीजों ने चिकित्सकों से आंखों में आ रही दिक्कत के बारे में परामर्श लेकर दवा ली। 136 मरीजों ने एंटी रैवीज इंजेक्शन लगवाए तथा 212 लोगों ने ब्लड की जांच कराई। 270 मरीजों ने एक्सरे- अल्ट्रासाउंड आदि कराए। फिजिशियन डॉ. नितिन सिंह ने बताया कि गर्मी के चलते उल्टी-दस्त समेत बुखार के मरीज अधिक हैं। गर्मी बढ़ने पर बच्चों का खास ख्याल रखें और 24 घंटे में चार से पांच लीटर पानी अवश्य लें।
डायरिया से बचने को रखें ध्यान
खाने और पकाने से पहले कच्चे फलों और सब्जियों को अच्छी तरह से पानी से धोएं। ऐसी कोई भी चीज न खाएं, जो खराब हो गई हो। डायरिया से बचने के लिए इन सभी फूड सेफ्टी उपायों को हमेशा फॉलो करें। अपने खानपान के प्रति सावधान रहें, स्ट्रीट फूड्स और नल का पानी कीटाणुओं का मुख्य केंद्र होता है, जो डायरिया का कारण बन सकता है। इसका इस्तेमाल न करें।
डायरिया के लक्षण
डायरिया होने पर कई तरह के लक्षण नजर आते हैं। कारणों के आधार पर आपको डायरिया होने पर एक या इससे अधिक लक्षण नजर आ सकते हैं। डायरिया के कॉमन संकेत और लक्षण यह हैं:-
जी मिचलाना
पेट में मरोड़
दस्त होना
सूजन
बुखार
मल में खून आना
तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। ऐसे में मरीज बुखार और उल्टी-दस्त, डायरिया, पेटदर्द आदि की समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। सभी मरीजों को दवा देने के साथ डॉक्टरों ने बचाव व लक्षण के बारे में बताया।। इमरजेंसी में आए गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। - डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल