बदायूं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए एकेडमिक कैलेंडर जारी किया गया है। इसके तहत अब कॉवेंट स्कूलों की तर्ज पर माध्यमिक विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें छात्र-छात्राओं को हुनर सीखने का मौका मिलेगा।
नए कैलेंडर के अनुसार, सप्ताह में दो दिन शिक्षाधिकारियों को विद्यालयों की प्रात: कालीन सभा में पहुंचना होगा। उन्हें छात्र-छात्राओं से कॅरियर, नियमित दिनचर्या, अनुशासन व प्रासंगिक विषयों पर प्रेरक संवाद करेंगे, क्योंकि प्रार्थना के लिए 15 मिनट का समय आरक्षित किया गया है। प्रार्थना के दौरान प्रतिदिन प्रासंगिक विषयों पर बच्चों को जानकारी देनी होगी।
इसके अलावा नया सवेरा कार्यक्रम होगा। इसके तहत संस्कार, नैतिक शिक्षा, मूल्यों का पाठ पढ़ाया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षिक कैलेंडर जारी किया गया है।
पर्यावरण क्लब का होगा गठन
प्रत्येक विद्यालय में पर्यावरण क्लब का गठन किया जाएगा। कुछ छात्रों को पर्यावरण मित्र चुना जाएगा। पर्यावरण मित्र अपने संगी साथियों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने के साथ ही उनके साथ मिलकर विद्यालय में पौधारोपण करेंगे। इतना ही नहीं विद्यालय में एक वाटिका भी तैयार की जाएगी।