दबतोरी (बदायूं)। बरेली-मुरादाबाद स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार शाम सिग्नल न मिलने से करीब डेढ़ घंटा सिसरका स्टेशन पर खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक ने सिग्नल में तकनीकी खराबी आने की बात कही। एक मालगाड़ी को भी रोकना पड़ा।
शनिवार शाम करीब 6:30 बजे बरेली-मुरादाबाद स्पेशल एक्सप्रेस सिसरका रेलवे स्टेशन पर पहुंची। उसी दौरान चंदौसी रेलवे स्टेशन पर कुछ तकनीकी खराबी आ गई, इससे सिसरका रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन को सिग्नल नहीं मिल पाया। जब काफी देर तक ट्रेन रवाना नहीं हुई तो यात्री व्याकुल होने लगे। तमाम यात्री ट्रेन से उतरकर नीचे खड़े हो गए। कुछ ने स्टेशन अधीक्षक से जानकारी ली तो बताया गया कि चंदौसी स्टेशन पर सिग्नल में कुछ कमी आ गई है। जब तक वहां से रूट क्लीयर नहीं होगा, तब तक ट्रेन रवाना नहीं होगी।
करीब डेढ़ घंटा बाद 7:55 बजे सिग्नल प्राप्त हुआ, तब कहीं स्पेशल एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक मालगाड़ी भी खड़ी रही। स्पेशल एक्सप्रेस रवाना होने के बाद अन्य ट्रेनों को निकाला गया। स्टेशन अधीक्षक शकील अहमद ने बताया कि कुछ तकनीकी कमी के चलते ट्रेन को रोकना पड़ा था। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन रुकी रही। सिग्नल मिलने पर ट्रेन रवाना कर दी गई।