सहसवान। सहसवान-आनंदीपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सात वर्षीय बालक नीतीश कुमार की मौत हो गई। जबकि उसके पिता मुकेश मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पिता-पुत्र बृहस्पतिवार रात अपने गांव से सहसवान आ रहे थे। तभी रास्ते में हादसा हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव आनंदीपुर निवासी मुकेश मौर्य खेतीबाड़ी करते हैं। वह बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे अपने सात साल के बेटे नीतीश के साथ बाइक लेकर सहसवान आ रहे थे। उस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे। सहसवान से उनका गांव करीब एक किलोमीटर दूर है। उनके परिवार वालों के मुताबिक वह बाइक लेकर सहसवान और आनंदीपुर गांव के बीच में पहुंचे थे। तभी तेज रफ्तार में आई कार ने जबरदस्त टक्कर मार दी, जिसमें दोनों पिता-पुत्र बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। इसमें नीतीश को ज्यादा चोटें आईं। मुकेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया।
राहगीरों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस और उनके परिवार वालों को दी, जिससे उनके परिवार वाले मौके पर पहुंच गए और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान ले गए, जहां डॉक्टर ने नीतीश को मृत घोषित कर दिया और मुकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने बालक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
नीतीश का फाइल फोटो।