बदायूं। सोमवार को भी जिले में कोरोना के छह नए रोगी मिले। दो रोगियों के स्वस्थ होने के बावजूद सोमवार को जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है। रविवार को अवकाश में अन्य दिनों के मुकाबले कम लोगों के सैंपल लिए गए थे।
जिले में प्रतिदिन 1500 से दो हजार लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। रविवार को अवकाश के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले में 543 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें 255 की आरटीपीसीआर और 288 की एंटीजन जांच कराई गई। सोमवार को जांच रिपोर्ट आई तो छह लोग संक्रमित निकले। नए मिले संक्रमितों में शहर में अंबिकापुरी और सिविल लाइंस के तीन लोग हैं। इसके अलावा सहसवान, सेमरमई और निजामपुर का एक-एक व्यक्ति संक्रमित है। सभी संक्रमितों को क्वारंटीन किया गया है। अब जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या 69 हो गई है। कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि संक्रमितों को ट्रेस कर लिया गया है। सभी संक्रमितों की स्थिति सामान्य है। उनके संपर्क में आने वाले और परिवार के लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।