कछला गंगाघाट पर शनिवार तड़के स्नान करते वक्त दो कांवड़िये डूब गए। घाट पर मौजूद युवक ने शोर मचाया तो दुकानदार ने उनकी ओर रस्सी फेंकी। दोनों को रस्सी के सहारे सकुशल बाहर निकाल लिया गया। दोनों कांवड़िये कासगंज के निवासी हैं। हादसा करीब पांच बजे कासगंज छोर वाले घाट पर नये रेलपुल के नजदीक हुआ। उस वक्त भीड़भाड कोई ज्यादा नहीं थी। कासगंज निवासी संतोष (25) पुत्र गंगाराम गहरे में चला गया। उसे बचाने के लिए दोस्त नवल कुमार (21) पुत्र रामप्रसाद बढ़ा तो वह भी गोते खाने लगा। दोनों को डूबता देख घाट पर खड़े युवक ने शोर मचा दिया। एक दुकानदार रस्सी लेकर उनकी ओर दौड़ आया। उसने रस्सी डूब रहे दोनों कांवड़ियों की तरफ फेंक दी। दोनों ने रस्सी को पकड़ लिया। बाद में रस्सी के सहारे दोनों को बाहर निकाल लिया गया। चश्मदीद कछला निवासी प्रेमपाल ने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ तब गोताखोर भी घाट पर मौजूद नहीं थे। सकुशल बच निकले संतोष और नवल ने दुकानदार समेत उस युवक का आभार जताया । बता दें कि घाट पर प्रशासन ने पीएसी के गोताखोरों के साथ प्राइवेट गोताखारों को भी लगाया है लेकिन कासगंज छोर वाले घाट पर अव्यवस्थाएं रहने से कांवड़ियों को परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।