कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों में जोश बरकरार, गंगाघाट पर पूजा-अर्चना की
कछला गंगाघाट से लेकर हाईवे तक बुधवार को पूरे दिन बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़ियों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर जल भरा। कांवड़ पूजन भी किया गया। कांवड़ियों पर मौसम का भी असर नहीं पड़ा। बूंदाबांदी के दौरान भी पूरी आस्था से सराबोर पूरे जोश के साथ कांवड़ यात्रा चलती रही। कछला गंगाघाट पर सुबह से ही कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम तक हजारों की संख्या में घाट पर पहुंचे कांवड़ियों ने पहले गंगा स्नान किया फिर घाट पर ही कांवड़ पूजन के दौरान दुग्धाभिषेक भी किया गया। कई शिवभक्तों ने ब्राह्मणों से कांवड़ पूजन कराया। दूर दराज के शिवभक्त अपनी टोलियों के साथ हाईवे से होकर गुजरे तो उनके साथ मौजूद कलाकारों ने भजनों पर नृत्य कर माहौल शिवमय बना दिया। शंकर और पार्वती बने कलाकार वाहनों से उतर कर सड़कों पर भी नृत्य करते दिखे। घंटाघर चौराहे और प्राइवेट बस स्टैंड समेत मंडी समिति मोड के पास शिवभक्तों की टोलियां रुक-रुककर थिरकती नजर आईं। शिवभक्तों ने बताया कि वह सावन के चौथे सोमवार को मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। कई टोलियों के साथ महिलाओं ने शिवभक्ति का प्रदर्शन किया। उधर, गंगाघाट पर कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे।