बिरुआबाड़ी मंदिर में जलाभिषेक करते शिव भक्त। संवाद
- फोटो : pargwal news
बदायूं। सावन के आखिरी सोमवार को शिवालयों पर दिन भर बम-बम भोले व हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। शहर की सड़कें कांवड़ियों से गुलजार नजर आईं। शिवालयों में सुबह से ही शिवभक्तों की जलाभिषेक करने के लिए भीड़ लगी रही। शहर में सबसे ज्यादा भीड़ गौरीशंकर और बिरुआबाड़ी मंदिर पर देखने को मिली। कछला गंगा घाट से गंगाजल भरकर आ रहे कांवड़ियों ने शिवालयों में भगवान भोले की पूजा दूध, फल शहद, बेलपत्र आदि से की। शहर के गौरीशंकर, बिरुआबाड़ी और शिवदुर्गा देवी मंदिर के कपाट तड़के से ही भक्तों के लिए खोल दिए गए थे। बदायूं गौरव क्लब संस्था एवं महोत्सव समिति के सदस्यों ने सावन के अंतिम सोमवार को दोपहर 12 बजे बिरुआबाड़ी मंदिर में रुद्राभिषेक किया। पंचतत्वेश्वर महादेव पर उमड़े भक्तः दातागंज। सराय के पंचतत्वेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने सुबह से देर शाम तक जलाभिषेक किया। सावन के अंतिम सोमवार के दौरान भंडारा चलता रहा। मंदिर में बच्चों से लेकर बड़े तक तिलक करते हुए नजर आए। इस मौके पर पंचतत्व संस्था के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।