देवेंद्र मिश्रा का फाइल फोटो। स्रोत परिवार
म्याऊ। उसहैत-म्याऊ रोड पर बुधवार सुबह दो बाइकों की भिड़ंत में शिक्षामित्र देवेंद्र मिश्रा (55) की मौत हो गई। एक बालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बालक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव रिजोला निवासी देवेंद्र मिश्रा दलेलनगर प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र थे। परिजनों के मुताबिक, देवेंद्र बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे बाइक से स्कूल जा रहे थे। म्याऊ-उसहैत रोड पर पीछे से तेज रफ्तार में आई दूसरी बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। हादसे में देवेंद्र के अलावा दूसरी बाइक पर सवार उसहैत के सरेली निवासी सियाराम, उनकी पत्नी श्यामा, रिश्तेदार आशीष और एक साल का बालक घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊ पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में हालत गंभीर देखकर देवेंद्र को उनके परिजन बरेली ले गए, जहां शाम के समय उनकी मौत हो गई। उसहैत पुलिस ने दोनों बाइक कब्जे में ले ली हैं। देर शाम तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई।