बदायूं। सरकारी धनराशि को धोखाधड़ी से हड़प लेने के मामले में पंचायत सहायक ज्योति व म्याऊ खंड प्रेरक अवनीश की सेवा समाप्त कर दी गईं हैं
ब्लॉक म्याऊं के गांव दियोरई निवासी लक्ष्मीदेवी, ओमेंद्र, ईशपाल, जदुनाथ, सोनपाल, मायावती आदि ने डीएम मनोज कुमार से शिकायत की थी। इसमें कहा कि शौचालय बनाने के लिए प्रथम किस्त के रूप में 6,000 रुपये मिले थे, पंचायत सहायक ज्योति ने धोखाधड़ी व जालसाजी कर उनसे यह रुपये वापस ले लिए और चोरी के झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की।
डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने इस मामले की जांच की। जांच आख्या सीडीओ केशव कुमार को दी। उनके निर्देश पर डीपीआरओ ने पंचायत सहायक ज्योति, म्याऊ खंड प्रेरक अवनीश कुमार की सेवा समाप्त कर दी हैं।
साथ ही इन दोनों पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। अपात्रों को दी गई 18,000 की आधी-आधी धनराशि प्रधान रक्षावती और सचिव सुनील बाबू सक्सेना से वसूली जाएगी। साथ ही इनको चेतावनी भी जारी की गई है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेश कुमार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई और सहायक लेखाकार/ योजना सहायक आकाश वर्मा और खंड प्रेरक संप्रति साबरा खातून को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।