- जिले के अलावा बिजनौर, अमरोहा, बहराइच से आया पुलिस बल, पीएसी और एसएसबी भी करेगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। नगर निकाय चुनाव में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। इसके लिए जिले की पुलिस के अलावा अमरोहा, बिजनौर और बहराइच से भी फोर्स बुलाया गया है। दो कंपनी व एक प्लाटून पीएसी, एक कंपनी एसएसबी भी तैनात रहेगी। पुलिस लाइन से बुधवार को सभी मतदान स्थलों के लिए पुलिस फोर्स रवाना किया गया।
जिले में इस बार निकाय चुनाव में पहले से ज्यादा सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा तो मतदान केंद्रों के बाहर भीड़ न जुटे इस पर भी पुलिस निगरानी रखेगी। किस केंद्र पर कितना पुलिस बल रहेगा इसके लिए सभी की ड्यूटी निर्धारित की गई है। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील मतदान स्थलों पर पुलिस, पीएसी के अलावा एसएसबी के जवान तैनात रहेंगे। डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को चुनाव आयोग की गाइडलाइन का पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
यह रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
- इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर- 475
- कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल - 2511
- महिला कांस्टेबल-283
- होमगार्ड- 1235
- दो कंपनी, एक प्लाटून पीएसी के 200 जवान
- एक कंपनी एसएसबी के 90 जवान
- ट्रेनी दरोगा - 200