- सदर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने दिया घटना को अंजाम
- दो नामजद समेत छह आरोपियों पर बलवा की रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र में असिस्टेंट बैंक मैनेजर के साथ छह लोगों ने मारपीट करते हुए उनकी स्कूटी भी तोड़ दी। पुलिस ने दो नामजद समेत छह आरोपियों पर मारपीट और बलवा की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
आदर्श कॉलोनी निवासी गौरव कुमार सक्सेना एचडीएफसी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर हैं। मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने छह वर्षीय पुत्र को साथ लेकर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र में गांधी ग्राउंड के पास पनबड़िया निवासी अमित, कुणाल अपने चार अन्य साथियों के साथ आ गया। उसने असिस्टेंट बैंक मैनेजर से अपने बैंक खाते से कटौती का आरोप लगाते हुए बदसलूकी शुरू कर दी। इससे पहले असिस्टेंट बैंक मैनेजर कुछ समझ पाते कि हमलावरों ने उनके पुत्र को धक्का दे दिया और उनकी स्कूटी में तोड़फोड़ करने के साथ उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनको पीटकर चोटिल कर दिया। इसी दौरान मौके पर पुलिस पहुंची तो पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। इस संबंध में सीओ सिटी आलोक मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।