उझानी/कछला (बदायूं)। आने वाले तीन दिनों में कांवड़ यात्रा और ज्यादा जोर पकड़ती नजर आएगी। भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था से जुड़े सावन के दूसरे सोमवार को तो जलाभिषेक होगा ही लेकिन अगले दिन मंगलवार को शिवतेरस पर काफी संख्या में कांवड़िये जुटेंगे।
सावन के पहले सोमवार को शिवभक्तों में जिस तरह का उत्साह नजर आया, कांवड़ियों में उससे कहीं अधिक जोश आने वाले दिनों में दिखाई देने की संभावना है। कांवड़ियों ने भी अपनी यात्रा प्रारंभ कर दी है।
यहां बता दें कांवड़ियों के सेवा-सत्कार के लिए शिवभक्त उन्हीं स्थानों पर भंडारे आयोजित करेंगे, जो रेलवे क्रासिंग और प्रमुख चौक-चौराहों से कुछ दूरी पर हैं। कछला से बदायूं तक दो दर्जन से अधिक स्थान भंडारे के लिए चिह्नित कर दिए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि कांवड़ यात्रा ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों को अफसरों की ओर से विशेष दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
-
घाट से लेकर हाईवे तक कांवड़ियों की धूम
कांवड़ यात्रा के तहत शनिवार पूरे दिन कछला गंगाघाट से लेकर बरेली-मथुरा हाईवे तक कांवड़ियों की धूम रही। कलाकारों के साथ थिरकते कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह दिथा। डाक कांवड़ भी लोगों का आकर्षण बनीं। कांवड़ियों की टोलियों में महिलाओं ने भी हिस्सेदारी की।
-
पुलिस कर्मियों पर दिखेगा भोले का रंग
कछला गंगाघाट पर जल भरने के दौरान या फिर कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों के बीच वाहन आगे निकालने से लेकर या किसी और बात पर झिकझिक किसी विवाद की वजह न बन जाए, इसके लिए उसी अंदाज में तैयारी की जा रही है। हाईवे पर सात-आठ पुलिस कर्मी कांवड़ियों की तरह कपड़े पहन कर उन्हीं के बीच रहेंगे। ये पुलिस कर्मी छोटी सी बात का मौके पर ही समाधान करेंगे।