बदायूं। पवित्र सावन का महीना आज से शुरू हो गया। अब हर तरफ बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ केसरिया कपड़े पहने कांवड़ियों का आना-जाना शुरू होगा। ये कछला से जल भरकर शिवालयों में सोमवार को जलाभिषेक करेंगे। ऐसे में बुधवार को बाजार की रौनक और बढ़ गई। केसरिया टीशर्ट और कैप की बिक्री में इजाफा देखा गया।
कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो सालों से कावड़ यात्रा बंद चल रही थी, लेकिन कोरोना की रफ्तार कम होने की वजह से इस बार कांवड़ यात्रा को शुरू करने के शासन ने निर्देश दिए। पूरे माह चलने वाली कांवड़ यात्रा में बदायूं के अलावा बरेली, पीलीभीत, उसावां, कलान आदि के कांवड़िए शामिल होते हैं। कोई पैदल तो कोई डाक कांवड़ लाते हैं। इसको लेकर कपड़ों का बाजार सज गया है। इस बार सबसे ज्यादा भगवा रंग के बनियान, टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा, सूट, हाफ पैंट, तौलिया, साड़ियां, पिट्ठू बैग की बिक्री हो रही है। प्रशासन ने भी अपने स्तर से कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए उनके रूट पर बड़े व निजी वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया गया था। साथ ही मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है।
कांवड़ियों के साथ हल्के और भारी वाहनों के रूट निर्धारित
बदायूं। कांवड़िया कछला से जल लेकर उझानी होते हुए शहर पहुंचेंगे। बरेली जाने वाले कांवड़िए लालपुल तिराहे से कोतवाली होते हुए खेड़ा नवादा की ओर जाएंगे। फिर यहां से बरेली-बदायूं हाईवे पर होते हुए निकल जाएंगे। इसके अलावा पटना देवकली जाने वाले स्थानीय कांवड़िया लालपुल से कचहरी होते हुए उसावां रोड की ओर निकल जाएंगे।
इस दौरान फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर से दिल्ली कासगंज जाने वाले वाहन उसावां, उसहैत होते हुए डहरपुर, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी होते हुए आंवला बिसौली होकर गुन्नौर की ओर से आ-जा सकेंगे। बरेली बदायूं के वाहन भी इधर से ही होकर गुजरेंगे। मुरादाबाद के वाहनों को भी बिसौली होकर कासगंज दिल्ली जाना पड़ेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली-बदायूं हाईवे बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान रोडवेज व निजी वाहन बरेली-बदायूं के लिए आंवला, अलीगंज, गैनी, अखा, रामगंगा से लाल फाटक होते हुए वाहन आएंगे व जाएंगे। बदायूं से कासगंज, मुरादाबाद, दिल्ली, मथुरा जाने वाले वाहन रोडवेज से दातागंज तिराहा, खेड़ा नवादा, बिसौली से गुन्नौर होते हुए निकलेंगे। एटा व कासगंज के लिए जालंधरी सराय से शेखूपुर, कादरचौक से कादरगंज होते हुए भी आ जा सकेंगे जबकि फर्रुखाबाद व शाहजहांपुर के वाहन दातागंज तिराहे से दातागंज रोड, वेलाडांडी से जैतीपुर, मदनापुर होते हुए निकल सकेंगे। संवाद