प्रयोगशाला से आई ताजा रिपोर्ट में एक सौंदर्य साबुन और तीन दवाइयों के नमूने फेल हो गए हैं। जांच में साबुन और दवाइयां मानक पर खरे नहीं पाए गए। औषधि प्रशासन विभाग ने निर्माता कंपनियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। 28 दिन में जवाब न मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मई में अभियान चलाकर जिले भर में दवाओं के सेंपल भरे थे। 27 सेंपल जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजे गए थे। इनकी जांच रिपोर्ट आ गई है। भेजे गए सेंपल में एक सौंदर्य साबुन और तीन दवाओं के सेंपल फेल हो गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन दवाइयों और साबुन की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर्स संचालकों के साथ ही कंपनियों को भी नोटिस भेजे गए हैं। चेतावनी दी गई है कि अगर नोटिस मिलने के बाद 28 दिन के भीतर जवाब नहीं दिया जाता तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, प्रयोगशाला में बदायूं के अब भी एक दर्जन से ज्यादा दवाओं के सेंपल जांच के लिए फंसे हुए हैं। इनकी रिपोर्ट अगने महीने आने की उम्मीद है।