बदायूं। बदायूं लोकसभा सीट से पांच बार सांसद और एक बार केंद्रीय मंत्री रहे सपा के कद्दावर नेता सलीम इकबाल शेरवानी ने अभी तक चुनाव मैदान में उतरने का एलान नहीं किया है। बदायूं के तमाम लोग उनसे फोन पर संपर्क में है। अपने जन्म दिन मौके पर शुक्रवार दोपहर प्रयागराज में एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि 40 साल सियासत कर ली। अब सक्रिय राजनीति छोड़ने का वक्त आ गया है। परिवार में नाती-पोतों को समय देंगे। सेक्लयुर ताकतों को मजबूत करने का काम करते रहेंगे।
सलीम शेरवानी ने कहा कि वह आज की राजनीति में खुद को फिट नहीं पाते। सन्यास के सवाल पर उन्होंने हां कहा। बोले: अब सक्रिय राजनीति में नहीं रहना चाहता। राजनीति में अब युवाओं को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव की सियासत पर सवाल उठाए। कहा, जिस पीडीए की बात कही जा रही है, उस पर अमल नहीं हो रहा है। बता दें कि पिछले महीने ही सलीम इकबाल शेरवानी ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दिया था। उन्हें सपा से राज्यसभा में भेजे जाने की उम्मीद थी, लेकिन सपा ने उनके नाम का एलान नहीं किया। इसके बाद से उनकी पार्टी नेतृत्व से नाराजगी बढ़ी थी।