अलग-अलग ब्लॉक पर तैनात हैं सफाई कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सफाई व्यवस्था में फेल पंद्रह सफाई कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है। उन्हें अप्रैल माह में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के तहत आदेश दिया गया था लेकिन सफाई कर्मचारियों ने गांव में सफाई नहीं की। जांच में उनके खिलाफ शिकायतें पाई गईं।
जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत एक अप्रैल 2023 से 30 अप्रैल तक और दस्तक अभियान के तहत 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था की जांच कराई गई, जिसमें जिले की पंद्रह ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इन ग्राम पंचायतों में जो सफाई कर्मचारी तैनात थे। उनकी तमाम शिकायतें मिलीं।
इस पर डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बृहस्पतिवार को दहगवां के गजेंद्र, इस्लामनगर के किशनपाल मौर्य, सहसवान के सचिन सक्सेना, आसफपुर के नितेश कुमार, बिसौली के सतेंद्र पाल, वजीरगंज के मोहम्मद इरफान, अंबियापुर के जितेंद्र कुमार, कादरचौक के अरविंद कुमार, सालारपुर के विनीत कुमार, जगत के चंद्रभान, दातागंज के अजीत कुमार, म्याऊ के नितिन कुमार, उसावां के लालबहादुर सिंह, समरेर के दुर्गपाल सिंह और उझानी के जसवीर सिंह का वेतन रोक दिया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि इन सफाई कर्मचारियों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इससे इनका वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।