बदायूं। ककोड़ा मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला परिसर में बनाए गए अस्थाई बस अड्डे पर बसों का संचालन रविवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए रविवार को रोडवेज कर्मचारी मेले में पहुंच जाएंगे। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि सवारियों के न मिलने के कारण बसों का संचालन शुरू नहीं किया है। मेले में भीड़ धीरे-धीरे बढ़ रही है। रविवार शाम से भीड़ के और बढ़ने की संभावना है। उसी को देखते हुए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बसों की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। बस अड्डे पर कर्मचारियों की तैनाती के साथ ही पूछताछ केंद्र और बसों के ठहराव की व्यवस्था भी की जाएगी। भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। संवाद