बिल्सी। गुजरे साल में भले ही बिल्सी की जनता के लिए कुछ खास न मिला हो, लेकिन नववर्ष 2024 में कुछ अच्छा हो सकता है। लंबे समय से बिल्सी क्षेत्र में चली आ रही रोडवेज बस स्टैंड की मांग अब शीघ्र पूरी होने वाली है। शुक्रवार को लखनऊ से आए नोडल अधिकारी खेमपाल सिंह ने परिवहन निगम और तहसील की राजस्व टीम के साथ रोडवेज बस स्टैंड निर्माण के लिए नगर के खैरी रोड पर स्थित सरकारी भूमि का निरीक्षण किया।
परिवहन निगम ने रोडवेज बस स्टैंड के लिए करीब 1.60 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। निर्माण कार्य 15-20 दिनों में शुरू होने की बात नोडल अधिकारी ने कही है। बिल्सी क्षेत्र की लंबे समय से रोडवेज बस स्टैंड की मांग परिवहन निगम के साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से करती आ रही है। क्षेत्र में यातायात की समस्या काफी गंभीर है।
बिल्सी से होकर गुजरने बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे संख्या-51 पर राज्य सड़क परिवहन निगम की कई बसें चलती हैं। ये बसें इस्लामनगर, बहजोई और संभल होते हुए दिल्ली जाती हैं, लेकिन बिल्सी में रोडवेज बस स्टैंड न होने से जनता को इनका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए विधायक हरीश शाक्य ने भी प्रयास किए। शुक्रवार को नो़डल अधिकारी खेमपाल सिंह ने एआरएम डीके चौबे, एसडीएम प्रवर्धन शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सागर, लेखपाल हरिओम सिंह आदि के साथ जमीन देखी।
उन्होंने बताया कि बिल्सी नगर के खैरी रोड पर पालिका की भूमि गाटा संख्या 88 और 173 पर करीब दो हजार वर्गमीटर में रोडवेज बस स्टैंड की स्थापना की जाएगी। भूमि अधिग्रहण की सारी औपचारिकता पूर्ण हो चुकी हैं। पूर्व में भूमि की निरीक्षण आख्या मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। इस मौके पर भाजपा नेता सुधीर सोमानी, लोकेश बाबू, संजीव, उमेश बाबू, प्रखर माहेश्वरी, सूर्यप्रकाश देवल, मोहित गुप्ता, अनुराग शाक्य, अजय प्रताप, विनोद पालीवाल आदि मौजूद रहे।