बदायूं। सड़कों के निर्माण कार्यों में अक्सर अनियमितताएं सामने आती हैं लेकिन पैचिंग करने में भी घोटाला होगा, इस पर यकीन नहीं होता। अब ऐसा हो रहा है। शहर में छोटी ज्यारत के पीछे कुरऊ रोड पर हो रहा है। इस रोड पर गड्ढे पाटने के लिए उनमें पत्थर कम, मिट्टी ज्यादा भर दी गई है। उसके ऊपर कोलतार युक्त बजरी की पतली लेयर बिछा दी गई है। ये पैचवर्क कितने दिन चलेगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। पत्थर के स्थान पर मिट्टी डालकर घोटाला किया जा रहा है।
शहर में छोटी ज्यारत के पीछे कुरऊ रोड बदायूं-उसावां रोड से ज्यादा खराब है। यह करीब पांच किलो मीटर लंबी सड़क बाईपास को ही शहर से नहीं जोड़ती बल्कि बिल्सी रोड को भी शहर से जोड़ती है। बिल्सी रोड पर चलने वाले हल्के फुल्के वाहन इधर से ही आते-जाते हैं। आसपास के तमाम गांव के लोग इधर से ही गुजरते हैं।
यह सड़क पिछले दो साल से खराब पड़ी है। हालांकि एक साल पहले शहर से लेकर बाईपास तक की सड़क का निर्माण करा दिया गया था लेकिन कुछ समय बाद ही सड़क टूटना शुरू हो गई। इस बारिश के मौसम में सड़क और ज्यादा टूट गई। कई जगह गड्ढे हो गए तो जगह-जगह बजरी उखड़ गई। बताते हैं कि पिछले तीन दिन से इस सड़क पर मरम्मत कार्य चल रहा है।
लोगों का कहना है कि जहां धूल मिट्टी साफ करके कोलतार युक्त बजरी की लेयर बिछाई जानी चाहिए, वहां गड्ढों को पत्थर से कम मिट्टी से ज्यादा भर दिया गया है और उसके ऊपर से कोलतार युक्त बजरी की लेयर बिछाई जा रही है जबकि लोक निर्माण विभाग और सड़क बनाने वाले अच्छी तरह से जानते हैं कि मिट्टी पर कोलतार नहीं चिपकता। इसके बावजूद मिट्टी डालकर गड्ढे भर दिए गए और उसके ऊपर से बजरी बिछाकर पैचिंग कर दी गई। हालांकि अभी मरम्मत कार्य पूरा नहीं हुआ है। अभी सड़क पर काफी मरम्मत होना रह गई है। ठेकेदार बजरी बचाने के लिए मिट्टी का प्रयोग ज्यादा कर रहा है।
-
संपर्क मार्गों पर भी की जा रही खानापूर्ति
- जिले में तमाम गांव के संपर्क मार्गों को भी गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। वहां भी गड्ढा मुक्त अभियान केवल खानापूर्ति है। जहां बड़े गड्ढे हैं, उन्हें तो भर दिया गया है लेकिन कहीं-कहीं छोटे गड्ढों को छोड़ दिया गया है। जहां सड़क पर मिट्टी पड़ी है, मरम्मत करने को उसे हटाया ही नहीं गया है। जहां बजरी उखड़ी पड़ी है। उसकी भी मरम्मत नहीं की गई है। इस समय शहर के नजदीकी गांव नगला घेर, भगवतीपुर, मोजमपुर और दहेमी समेत कई गांव में संपर्क मार्ग के गड्ढे भरे जा रहे हैं।
-
- कोलतार वाली सड़क पर मिट्टी का कोई प्रयोग नहीं है। अगर कोई मिट्टी डालकर सड़क के गड्ढे भर रहा है तो वह पूरी तरह से गलत है। इसकी जांच कराई जाएगी, जहां भी मिट्टी डालकर गड्ढे भरे गए होंगे, वहां के ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी या फिर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। - मनीष कुमार, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग
कुरऊ रोड पर गड्ढो में डाली जा रही मिट्टी। संवाद